जबलपुर। आईपीएल मैचों पर मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाने वाले एक युवक को क्राइम ब्रांच और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और सट्टे का हिसाब-किताब बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऋषि एजेंसी के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों पर रुपए का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम रितेश तिवारी उर्फ घंशु तिवारी (34) निवासी कांचघर, घमापुर बताया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह मोबाइल के जरिए आईपीएल टीमों पर रुपए का दांव लगा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सोनू उर्फ राकेश पाण्डे और मनीष जुनवानी के माध्यम से आईपीएल सट्टा खेलता था। आरोपी के अनुसार 11 मई की रात पंजाब और दिल्ली के बीच हुए मैच पर उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 50 हजार रुपए का दांव लगाया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जीत-हार के बाद नगदी का लेनदेन मदनमहल क्षेत्र में किया जाता था, जबकि कुछ भुगतान ऑनलाइन माध्यम से भी किए जाते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची, 1910 रुपए नगद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा अधिनियम की धारा 4(ए) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
