जबलपुर में बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़, कबाड़खाने से 341 किलो चोरी का कंडक्टर बरामद, मुख्य आरोपी फरार



जबलपुर। पाटन संभाग में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजली कंपनी और बेलखेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर बिजली तार चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक कबाड़खाने से 341 किलोग्राम चोरी का एल्यूमीनियम कंडक्टर तार बरामद किया गया, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बिजली कंपनी को पिछले कुछ समय से केवलारी और मनकेड़ी फीडर की 11 केवी विद्युत लाइन से लगातार एल्यूमीनियम कंडक्टर तार चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं के कारण न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी।

सटीक सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम ने बेलखेड़ा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बेलखेड़ा निवासी जाहिर अली के कबाड़खाने पर औचक छापा मारा। छापेमारी के दौरान कबाड़खाने से 341 किलोग्राम चोरी का बिजली का तार बरामद किया गया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी जाहिर अली मौके से फरार होने में सफल रहा।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में बरामद सामग्री को जब्त कर पंचनामा तैयार किया। आरोपी के खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 136 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी किए गए बिजली तारों की खरीद-फरोख्त में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य क्षेत्रों में सक्रिय कबाड़ कारोबारियों से भी जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस और बिजली विभाग की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबारियों और बिजली तार चोरी से जुड़े तत्वों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली लाइन से तार चोरी करने वालों और चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post