जबलपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती बरतने के कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशों के तहत मंगलवार को सिहोरा अनुभाग के अंतर्गत पोंडा तहसील के ग्राम खिन्नी में संयुक्त छापामार कार्रवाई की गई। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने हिरन नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन करते पाए जाने पर दो जेसीबी मशीन, एक दस चक्का हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। साथ ही दोनों जेसीबी ऑपरेटरों को भी पकड़ लिया गया है।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सिहोरा श्रीमती ज्योति परस्ते ने बताया कि तहसीलदार ललित ग्वालवंशी और खनिज निरीक्षक शिवपाल चौधरी को हिरन नदी में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ग्राम खिन्नी में औचक निरीक्षण किया गया, जहां मौके पर दो जेसीबी मशीनें रेत निकालते मिलीं। इसके अलावा रेत से आधा भरा एक दस चक्का हाइवा और रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई। सभी वाहनों को गोसलपुर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी ऑपरेटर मोहम्मद रहमान उर्फ मोहम्मद रियाज मंसूरी तथा मोहित बर्मन पिता रंजीत बर्मन को हिरासत में लेकर गोसलपुर थाने में पूछताछ की जा रही है।
तहसीलदार ललित ग्वालवंशी के अनुसार पूछताछ में मोहम्मद रियाज मंसूरी ने बताया कि ग्राम खिन्नी स्थित हिरन नदी में अवैध रेत उत्खनन का संचालन चन्नोटा निवासी बलराम उर्फ गोलू सिंह द्वारा कराया जाता है। वहीं ऑपरेटरों ने जानकारी दी कि एक जेसीबी मशीन अरुण प्रताप भदौरिया उर्फ सोनू भदौरिया निवासी चन्नोटा तथा दूसरी जेसीबी पनागर निवासी शुभम पटेल की है। जब्त किए गए दस चक्का हाइवा के मालिक की पहचान की जा रही है।
एसडीएम ज्योति परस्ते ने बताया कि अवैध रेत उत्खनन के इस मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मामला खनिज विभाग के माध्यम से कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा।
