पीएम श्री विद्यालयों के निर्माण कार्यों का डीईओ ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए निर्देश



जबलपुर। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने मंगलवार को सिहोरा विकासखंड के पीएम श्री विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में चल रहे विभिन्न अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझगवां तथा पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल भंडरा का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय परिसरों में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्षों, अटल टिंकरिंग लैब तथा अन्य विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।

श्री सोनी ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी एवं संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को भी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी किसी प्रकार की कमी या अनियमितता दिखाई देती है तो उसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post