बकरी के पैसों ने ली भाई की जान, लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या



नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम बरकुंडा में बकरी बेचकर मिले पैसों के बंटवारे को लेकर उपजा मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि भाइयों ने मिलकर अपने ही भाई की हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


पुलिस की माने तो बरकुंडा निवासी हीरालाल (35) पिता रघुवीर मेहतर का अपने सगे भाई विनोद और चचेरे भाइयों (चाचा के लड़के) कमलेश और चाचा संतोष मेहतर के साथ बकरी बेचने से मिले रुपयों के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात चारों बैठकर पैसों का हिसाब कर रहे थे, तभी अचानक किसी बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों आरोपियों ने हीरालाल पर लाठियों से हमला कर दिया जिससे हीरालाल के सिर पर डंडा लगने से मौके पर ही मौत हो गई।


मारपीट के दौरान आरोपियों ने पास ही पड़े लकड़ी के भारी डंडे से हीरालाल के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि हीरालाल वहीं जमीन पर गिर गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खूनी संघर्ष के दौरान जब मृतक की मां और पत्नी बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post