जबलपुर। शहर में मोबाइल झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला गढ़ा थाना क्षेत्र के देवताल का है, जहां रेलवे स्टेशन जा रहे एक युवक का मोबाइल चलते ऑटो से तीन बाइक सवार बदमाश झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, धूमा निवासी करन जायसवाल, जो सिवनी में श्री श्याम मोबाइल नाम से दुकान संचालित करते हैं, 25 जून को बस से अंधमुख बायपास पर उतरने के बाद ऑटो से जबलपुर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 7:24 बजे जब उनका ऑटो देवताल स्थित हितकारिणी स्कूल के पास पहुंचा, तभी उन्होंने किसी से बात करने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला।
इसी दौरान पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक ऑटो के पास पहुंचे और पलक झपकते ही करन के हाथ से मोबाइल झपटकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि ऑटो चालक और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
पीड़ित ने बताया कि छीना गया मोबाइल लगभग 15 हजार रुपये कीमत का था। घटना के बाद उन्होंने तत्काल गढ़ा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
गढ़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं ने राहगीरों और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चलते वाहन में मोबाइल का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
