मोहर्रम की सवारी में सनसनी: रुपए नहीं देने पर दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, बेलबाग में मची भगदड़

 


जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र में मोहर्रम पर्व के दौरान निकाली जा रही सवारी के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बदमाश ने रुपए नहीं मिलने से नाराज होकर दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना से सवारी में शामिल लोगों के बीच चीख-पुकार, अफरातफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंचकुईया निवासी गुलाम गौस अपने साथी फैज अंसारी और मोहम्मद फैज के साथ देर रात करीब तीन बजे मोहर्रम पर्व पर निकल रही सफीक बाबा की सवारी में शामिल होकर कसाई मंडी से होते हुए भानतलैया गुरंदी की ओर जा रहे थे। सवारी जैसे ही प्रेमसागर रोड स्थित भानतलैया क्षेत्र में पहुंची, तभी एक युवक उनके पास आया और रुपए मांगने लगा।

बताया गया कि युवकों ने उसकी मांग को अनसुना करते हुए आगे बढ़ना शुरू कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और फैज अंसारी पर हमला कर दिया। फैज को बचाने के लिए मोहम्मद फैज बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। हमले में दोनों युवकों के पैरों में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना को अपनी आंखों के सामने होते देख सवारी में शामिल लोगों के बीच भगदड़ मच गई। कई लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह जान से मारने की धमकी देता हुआ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

घायलों को उनके साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बेलबाग पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

मोहर्रम जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान बीच सड़क पर हुई इस हिंसक वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post