जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव में एक महिला के पुनर्विवाह को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। पुनर्विवाह से नाराज रिश्ते के मामा ने अपनी ही भांजी को पहले गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और पुलिस के लौटते ही घर पर पथराव कर छप्पर (सीट) क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पनागर के पटरा गांव निवासी दिवांगी उपाध्याय 18 जून को अपने मायके सोनपुर अपनी छोटी मामी के पुनर्विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। 26 जून को छोटी मामी की विदाई के बाद परिवार में माहौल सामान्य ही था, लेकिन रिश्ते के मामा माधव प्रसाद तिवारी इस विवाह से बेहद नाराज थे।
बताया गया कि आरोपी घर पहुंचा और दिवांगी उपाध्याय के साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ता देख युवती अपने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इस दौरान माधव प्रसाद तिवारी ने दरवाजे के बाहर खड़े होकर धमकी दी कि "बाहर निकली तो जान से खत्म कर दूंगा।"
डरी-सहमी युवती ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भाग निकला।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के वापस लौटने के कुछ देर बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचा और बाहर से पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान उसने पत्थर फेंककर युवती को निशाना बनाया और घर की छप्पर (सीट) भी क्षतिग्रस्त कर दी। घटना से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।
शिकायत के आधार पर खमरिया पुलिस ने आरोपी माधव प्रसाद तिवारी के खिलाफ धमकी, गाली-गलौज और पथराव सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
