जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल बड़ा फुहारा में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग दिगंबर डिजाइनर स्टोर में भड़क उठी, जिससे आसपास के व्यापारियों और ग्राहकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि स्थानीय व्यापारियों की तत्परता और सूझबूझ के चलते कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय स्टोर से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार तत्काल सक्रिय हो गए। क्षेत्र की करीब 8 से 10 दुकानों में नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए अग्निशमन गैस सिलेंडरों और अन्य प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करते हुए व्यापारियों ने राहत कार्य शुरू कर दिया।
व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम रहा कि आग को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित कर लिया गया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो घनी आबादी और सटे हुए प्रतिष्ठानों के कारण आग तेजी से फैल सकती थी, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान होने की आशंका थी।
स्थानीय व्यापारियों की सूझबूझ बनी मिसाल
घटना के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने साहस और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के आग बुझाने का प्रयास किया। उनके त्वरित कदमों के कारण आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी और बाजार में संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिए जाने से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने राहत की सांस ली। हालांकि आग से स्टोर में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
