अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 3 महिलाएं गिरफ्तार, 18 लीटर कच्ची शराब जब्त

 


जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गौर चौकी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हिनौतिया के यादव मोहल्ला में दबिश देकर तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 लीटर कच्ची शराब जब्त की है, जबकि मौके पर मिले 200 लीटर लाहन को नष्ट कर दिया गया। तीनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

गौर चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम हिनौतिया के यादव मोहल्ला में अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फगनी बाई के घर दबिश दी। जांच के दौरान फगनी बाई (25 वर्ष) अपने घर के आंगन में एक कुप्पा लेकर खड़ी मिली। तलाशी लेने पर कुप्पे से 6 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।

पुलिस ने घर के आंगन में रखे 10 डिब्बों की भी जांच की, जिनमें करीब 200 लीटर लाहन भरा हुआ था। अवैध शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले इस लाहन को पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
दो अन्य महिलाओं के घरों पर भी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने यादव मोहल्ला में ही दो अन्य स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कमला बाई धुर्वे (35 वर्ष) को उसके घर के सामने अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 6 लीटर कच्ची शराब जब्त की।

इसके बाद लक्ष्मी बाई मरावी (35 वर्ष) के घर के सामने भी दबिश दी गई। पुलिस ने लक्ष्मी बाई के पास रखी कुप्पी से 6 लीटर कच्ची शराब बरामद कर जब्त कर ली।
आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुए मामले

पुलिस ने तीनों महिलाओं के कब्जे से कुल 18 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक आदित्य मिश्रा, प्रधान आरक्षक राकेश सिंह, ओम नारायण, धर्मेन्द्र सोनी, आरक्षक विशाल तथा सैनिक गोकुल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post