50 महिलाओं की लोन किस्तें हड़पकर फरार हुए दो मैनेजर, माइक्रो फाइनेंस कंपनी को 7.34 लाख की चपत

 


जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत दो कर्मचारियों ने ग्राहकों से वसूली गई लोन की राशि कंपनी में जमा करने के बजाय खुद हड़प ली। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने 50 महिला ग्राहकों से कुल 7 लाख 34 हजार 514 रुपए की किस्तें वसूल कर गबन किया और बाद में बिना सूचना दिए नौकरी छोड़कर फरार हो गए।


पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक गौड़ निवासी जबेरा (दमोह) एवं मोतीलाल यादव निवासी देवरी (सागर) कंपनी में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दोनों की जिम्मेदारी ग्राहकों से लोन की किस्तें वसूलकर कंपनी खाते में जमा कराने की थी, लेकिन उन्होंने वसूली गई राशि जमा नहीं की।
कानूनी नोटिस से खुला फर्जीवाड़े का राज

मामले का खुलासा तब हुआ जब कंपनी ने बकाया किस्तों को लेकर संबंधित महिला ग्राहकों को कानूनी नोटिस भेजे। नोटिस मिलने के बाद महिलाएं कंपनी कार्यालय पहुंचीं और बताया कि वे अपनी किस्तें संबंधित मैनेजरों को पहले ही नकद जमा कर चुकी हैं। महिलाओं के दावों और उपलब्ध जानकारी के बाद कंपनी प्रबंधन को गड़बड़ी की आशंका हुई।
आंतरिक जांच में सामने आया लाखों का गबन

कंपनी द्वारा कराई गई आंतरिक जांच में पता चला कि दीपक गौड़ ने मार्च 2023 से मार्च 2024 के बीच 25 महिलाओं से कुल 4 लाख 71 हजार 514 रुपए वसूले थे, जबकि मोतीलाल यादव ने 25 अन्य महिलाओं से 2 लाख 62 हजार 946 रुपए एकत्रित किए थे। जांच में दोनों द्वारा कुल 7 लाख 34 हजार 514 रुपए की राशि का गबन किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला

कंपनी प्रबंधन की लिखित शिकायत के आधार पर शहपुरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post