जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के रक्षा नगर स्थित फक्कड़ बाबा मंदिर के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी पड़ी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खोपड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कचरे के ढेर में मानव खोपड़ी जैसी वस्तु देखी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खोपड़ी को सुरक्षित जब्त कर लिया और उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर क्षेत्र से मानव खोपड़ी मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। फिलहाल केवल खोपड़ी ही बरामद हुई है, इसलिए मामले की गंभीरता और सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में क्षेत्रवासियों ने बताया कि इलाके में अक्सर कबरबिज्जू देखे जाते हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कबरबिज्जू किसी कब्र से खोपड़ी निकालकर यहां तक ले आए हों। हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खोपड़ी कितनी पुरानी है और यह किस परिस्थिति में वहां पहुंची।
