जबलपुर में दो दर्दनाक घटनाएं: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सड़क हादसे में एक की मौत




संजीवनी नगर में 35 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, माढ़ोताल क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत

जबलपुर। शहर में बुधवार को दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि माढ़ोताल थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार संजीवनी नगर थाना अंतर्गत शाहीनाका स्थित अंबा टेंट हाउस के समीप रहने वाले 35 वर्षीय नरेश उर्फ राजेन्द्र पटेल ने बीती रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह रात में घर पहुंचा और बिना किसी से बातचीत किए आंगन में बिस्तर लगाकर सो गया। देर रात वह कमरे में गया, जहां उसने चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

सुबह करीब सात बजे परिजन कमरे में पहुंचे तो नरेश को फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाकर मर्ग कायम किया।

वहीं दूसरी घटना माढ़ोताल थाना क्षेत्र में सामने आई। ग्राम सूखा निवासी 40 वर्षीय नंदलाल अहिरवार को बायपास स्थित नीलकमल ढाबा के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नंदलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है तथा संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post