रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 2 डंपर, 1 ट्रैक्टर जब्त, 80 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण पकड़ा

 



जबलपुर। जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पाटन अनुभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लिप्त एक ट्रैक्टर और दो डंपर जब्त किए हैं। इसके अलावा करीब 80 ट्रॉली (240 घन मीटर) अवैध रेत भंडारण भी पकड़ा गया है।

पाटन एसडीएम मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में 2 और 3 जून को कटंगी एवं पाटन तहसील के हिरन नदी से लगे क्षेत्रों और प्रमुख सड़क मार्गों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम कटंगी में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को मौके पर ही जब्त कर थाना कटंगी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
नुनसर टोल गेट पर दो डंपर पकड़े गए

संयुक्त टीम ने नुनसर टोल गेट के पास कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो डंपरों को भी जब्त किया। इनमें से एक डंपर बिना ट्रांजिट पास (टीपी) के रेत परिवहन करते पाया गया, जबकि दूसरा डंपर ओवरलोडिंग करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को नुनसर पुलिस चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है।
80 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण भी जब्त

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने ग्राम मड़वा और पिपरिया में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत का भी खुलासा किया। यहां से करीब 80 ट्रॉली यानी 240 घन मीटर रेत जब्त की गई, जिसे अवैध रूप से संग्रहित किया गया था।
कलेक्टर न्यायालय भेजे जाएंगे प्रकरण

एसडीएम मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग के माध्यम से कलेक्टर न्यायालय भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी, नायब तहसीलदार जय सिंह धुर्वे, नायब तहसीलदार रश्मि चौधरी, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग का अमला शामिल रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post