जबलपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरते समय यात्री गंभीर घायल, आरपीएफ ने बचाई जान



जबलपुर। जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रीवा से जबलपुर पहुंची इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरते समय एक यात्री का पैर फिसल जाने से वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गया। हादसे में युवक के दोनों पैर ट्रेन के पहियों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की त्वरित कार्रवाई से घायल की जान बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार शहडोल जिले निवासी 30 वर्षीय हरिओम पिता रविशंकर गाड़ी संख्या 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से जबलपुर आया था। सुबह करीब 11 बजे ट्रेन जैसे ही मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर पहुंची, हरिओम अपना सामान लेकर नीचे उतरने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर पायदान से फिसलने के कारण वह ट्रेन और पटरियों के बीच जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद यात्री कुछ समझ ही नहीं पाए। युवक के गिरते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे में उसके पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ और जीआरपी के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। जवानों ने खून के बहाव को नियंत्रित करने का प्रयास करते हुए रेलवे प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी।

युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया गया। घायल हरिओम को स्ट्रेचर के माध्यम से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया और फिर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं शासकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी है। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post