खमरिया आयुध निर्माणी परिसर में तेंदुए की दस्तक, वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी



जबलपुर। खमरिया आयुध निर्माणी परिसर में देर रात तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने परिसर के भीतर एक तेंदुए को घूमते हुए देखा, जिसके बाद फैक्ट्री प्रशासन और वन विभाग को तत्काल सूचना दी गई। वन विभाग की रेस्क्यू टीम सोमवार को भी तेंदुए की तलाश में अभियान चलाती रही। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ गन कैरेज फैक्ट्री (जीसीएफ) के घने जंगलों से भटककर आयुध निर्माणी क्षेत्र में पहुंचा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फैक्ट्री परिसर और आसपास के रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वन विभाग की टीम थर्मल कैमरों, ट्रैप कैमरों और पिंजरों की सहायता से तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। विशेषज्ञों का प्रयास है कि वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ा जा सके।

पहले भी सामने आ चुके हैं तेंदुए के मामले

खमरिया और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुओं की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में सारणी क्वार्टर्स निवासी फैक्ट्री कर्मचारी राजू मीणा के घर में भी एक वयस्क तेंदुआ घुस आया था। उस दौरान तेंदुए की गतिविधियां घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। इसके अलावा आयुध निर्माणी के संवेदनशील एफ-6 सेक्शन में भी पूर्व में तेंदुआ देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, कर्मचारियों को जारी की गई एडवाइजरी

तेंदुए की सूचना के बाद आयुध निर्माणी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। कर्मचारियों और स्थानीय रहवासियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लोगों को रात के समय अकेले सुनसान रास्तों पर नहीं जाने तथा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं समीप स्थित वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे) में भी सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

जंगल से सटे क्षेत्र में बढ़ रही चिंता

खमरिया और गन कैरेज फैक्ट्री का इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसके कारण यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि लगातार सामने आ रही तेंदुओं की घटनाओं ने कर्मचारियों और स्थानीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वन्यजीवों के बार-बार रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post