जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के ऋषि नगर (करौंदा) में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर लौट रहे एक युवक से राजश्री गुटखा मांगने पर मना करने से नाराज दो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ऋषि नगर करौंदा निवासी विक्की उर्फ रिंकू यादव (24) रविवार रात करीब 10:30 बजे काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। जब वह दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, तभी उसे क्षेत्र के परिचित शानू केवट और नीरज केवट मिले। दोनों ने उसे रोककर राजश्री गुटखा मांगा। विक्की ने बताया कि उसके पास गुटखा नहीं है।
बताया जाता है कि इसी बात पर दोनों आरोपी भड़क गए और विक्की के साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पहले उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इसके बाद नीरज केवट ने धारदार चाकू निकालकर विक्की पर हमला कर दिया।
हमले में विक्की की छाती, जांघ और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में युवक सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल से सूचना मिलने पर अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शानू केवट और नीरज केवट के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
