दिनदहाड़े 63 हजार की सिगरेट लूटकर फरार हुए बदमाश, व्यापारी का पीछा कर वारदात को दिया अंजाम



जबलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक व्यापारी का पीछा कर उसकी दोपहिया वाहन से सिगरेट का बंडल लूट लिया और साथी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गए। लूटे गए माल की कीमत करीब 63 हजार 500 रुपये बताई गई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम मंगला, थाना मझौली निवासी राजेन्द्र कुमार चक्रवर्ती (45) पिछले 15 से 20 वर्षों से गलगला स्थित ऋषभ स्टोर में कार्यरत हैं। 29 जून की शाम करीब 7:40 बजे वे अपनी टीवीएस एक्सएल दोपहिया वाहन से विजय नगर स्थित रागी पान मसाला दुकान पर सिगरेट की सप्लाई देने जा रहे थे। वाहन के पीछे रस्सी से सिगरेट के तीन बंडल बांधे गए थे।

जैसे ही वे खटीक मोहल्ला स्थित दत्त वकील के घर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने बड़ी सफाई से वाहन में बंधी रस्सी खोल दी और सिगरेट का एक बंडल लेकर भाग निकला। राजेन्द्र कुमार ने बदमाश का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए पहले से खड़ी एक्टिवा पर सवार अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।

पहले से कर रहे थे रेकी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले से ही व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे यह स्पष्ट होता है कि बदमाशों ने पूरी योजना बनाकर मौके का इंतजार किया था। घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही भी थी, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही शहर में नाकेबंदी बढ़ाकर संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।


Post a Comment

Previous Post Next Post