जबलपुर/नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में लंबे समय से संचालित हो रहे एक हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस ने गुरुवार दोपहर सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में तीन देशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, 72 हजार रुपये नकद, सात लग्जरी कारें और चार दोपहिया वाहन बरामद होने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गोटेगांव निवासी सम्मान पटेल के घर में लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुआ खिलाया जा रहा था। यहां जबलपुर, कटनी, बहोरीबंद समेत आसपास के क्षेत्रों से लोग प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगाने पहुंचते थे। पुलिस को काफी समय से इस अवैध गतिविधि की सूचना मिल रही थी, लेकिन वह उचित मौके का इंतजार कर रही थी।
गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सम्मान पटेल के घर पर फिर से जुआ फड़ सजा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी और अचानक दबिश दे दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन घेराबंदी के कारण अधिकांश लोग भाग नहीं सके और 9 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 72 हजार रुपये नकद जब्त किए। तलाशी में तीन देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने मामला और गंभीरता से लिया। इसके अलावा मौके पर खड़ी सात लग्जरी कारों और चार दोपहिया वाहनों को भी जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में जबलपुर, कटनी और बहोरीबंद के युवक भी शामिल हैं, जो नियमित रूप से यहां जुआ खेलने आते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जुआ फड़ के संचालन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा बरामद हथियारों का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाता था।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के साथ-साथ बरामद अवैध हथियारों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
