प्रेम विवाह के 5 महीने बाद टूटा भरोसा: लैपटॉप नहीं दिलाने पर पत्नी ने पति पर चाकू से किया हमला, झूठे केस में फंसाने की भी दी धमकी



जबलपुर। प्रेम विवाह के महज पांच महीने बाद ही शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों में बढ़ती असहिष्णुता और घरेलू विवादों की गंभीर तस्वीर सामने रख दी है। आरोप है कि पढ़ाई के लिए लैपटॉप नहीं खरीदने पर नाराज पत्नी ने पति पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में पति घायल हो गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि पत्नी ने मारपीट के बाद उसे झूठे दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, सेठीनगर निवासी 31 वर्षीय अभिषेक बेन, जो पान की दुकान संचालित करते हैं, ने गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि करीब पांच महीने पहले उन्होंने साक्षी चौरसिया से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से साक्षी अपनी पढ़ाई के लिए लैपटॉप खरीदने की मांग कर रही थी।

देर रात मांग को लेकर हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे साक्षी ने एक बार फिर लैपटॉप खरीदने की बात कही। आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए अभिषेक ने फिलहाल लैपटॉप खरीदने में असमर्थता जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि साक्षी ने रसोई में रखा सब्जी काटने का चाकू उठाकर अभिषेक पर हमला कर दिया। हमले में अभिषेक के बाएं हाथ की कोहनी पर चोट आई।

झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप

पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि हमले के दौरान पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में झूठा केस दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद अभिषेक सीधे गोरखपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post