छिंदवाड़ा। जिले के चौरई-अमरवाड़ा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक हाथी के अचानक बेकाबू हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे हाथी को बिस्किट खिलाने की कोशिश दो युवकों पर भारी पड़ गई। हाथी ने पहले एक युवक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर दोनों को पैरों तले कुचल दिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप कहार (35 वर्ष) और राकेश यादव (25 वर्ष) सड़क से गुजर रहे हाथी के पास पहुंचे और उसे बिस्किट खिलाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिस्किट खाने के तुरंत बाद हाथी अचानक उग्र हो गया और उसने प्रदीप को सूंड से उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया।
इसके बाद हाथी ने दोनों युवकों को पैरों से कुचल दिया। हादसे में प्रदीप के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि राकेश यादव के सिर और कान में गंभीर चोट लगी।
घटना से मची भगदड़
दिनदहाड़े हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महावत ने संभाला हाथी
स्थिति बिगड़ती देख हाथी के महावत ने तत्काल हस्तक्षेप किया और काफी मशक्कत के बाद हाथी को काबू में किया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
दोनों की हालत गंभीर
अस्पताल के चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें भर्ती कर लिया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने लोगों से अपील की है कि हाथियों या अन्य बड़े जानवरों के पास बिना अनुमति जाने अथवा उन्हें भोजन खिलाने जैसी हरकतों से बचें, क्योंकि ऐसे जानवर अप्रत्याशित रूप से आक्रामक हो सकते हैं।
