जबलपुर। पनागर थाना पुलिस ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर से ऑटो में एलपीजी भरने के गोरखधंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने सोमवार को पड़ाव मोहल्ला स्थित एक घर पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों गैस रिफिलिंग करते पकड़ लिया। मौके से घरेलू गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और एक ऑटो जब्त किया गया है, जबकि ऑटो चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पड़ाव मोहल्ला निवासी बड्डू बर्मन मोहित टेंट हाउस के सामने अवैध रूप से घरेलू एलपीजी सिलेंडर से ऑटो में गैस भरने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक इंडेन कंपनी के घरेलू एलपीजी सिलेंडर को इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे पर रखकर गैस रिफिलिंग मोटर पंप की सहायता से ऑटो क्रमांक एमपी-20-आर-7411 में गैस भरी जा रही थी। पुलिस को देखते ही ऑटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि गैस रिफिलिंग कर रहे व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बड्डू बर्मन निवासी पड़ाव मोहल्ला, पनागर बताया।यह सामग्री की गई जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर, सिलेंडर से जुड़ा सटक और नोजल, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाला इलेक्ट्रिक मोटर पंप तथा ऑटो क्रमांक एमपी-20-आर-7411 जब्त किया है।
बड़ा हादसा हो सकता था
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर से वाहनों में एलपीजी भरना पूरी तरह अवैध और बेहद खतरनाक है। इस तरह की लापरवाही से किसी भी समय विस्फोट या आगजनी जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं फरार ऑटो चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
