जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कन्तोरा में मंगलवार को जर्जर शासकीय स्कूल भवन को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भवन की छत अचानक भरभराकर गिरने से दो मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कन्तोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन को तोड़ने का कार्य चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर भवन ध्वस्तीकरण में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक भवन की छत भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे दो श्रमिक मलबे के नीचे दब गए।
मृतक की पहचान मनोज प्रजापति (40 वर्ष), निवासी नुनसर के रूप में हुई है, जबकि पवन (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों को मलबे से बाहर निकालकर पाटन शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज प्रजापति को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन को गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है।
सुरक्षा मानकों की होगी जांच
प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि भवन ध्वस्तीकरण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
