जिम से बुलाकर युवक पर जानलेवा हमला, बंदूक की बट, चाकू और हंसिए से किया वार; चलती बाइक से कूदकर बचाई जान


जबलपुर। शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिम में कसरत कर रहे युवक को उसके दोस्त ने फोन कर ट्रायंगल पार्क बुलाया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने बंदूक की बट, चाकू, हंसिया और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। इसके बाद युवक का कथित रूप से अपहरण करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने चलती बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई और भागकर निजी अस्पताल में शरण ली।


पुलिस के अनुसार, सनातन चौक निवासी अग्रिम मिश्रा, जो वर्तमान में एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि 30 जून की रात करीब 8:30 बजे वह विजयनगर स्थित एवाल्व फिटनेस जिम में व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान उनके दोस्त इहान धोंधिया का फोन आया, जिसने किसी जरूरी काम का हवाला देकर उन्हें ट्रायंगल पार्क के पास बुलाया।

13-14 युवकों ने घेरकर किया हमला

अग्रिम मिश्रा के अनुसार, जैसे ही वह अपनी मोपेड से ट्रायंगल पार्क पहुंचे, वहां पहले से मौजूद जीत मिश्रा अपने 13-14 साथियों के साथ पहुंच गया। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक बंदूक की बट से उनके चेहरे पर हमला कर दिया।

इसके बाद अन्य आरोपियों ने चाकू और हंसिए से सिर व जांघ पर वार किए। वहीं बेसबॉल बैट और डंडों से हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

चलती बाइक से कूदकर बचाई जान

पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपियों ने कहा, "इसे गाड़ी में बैठाकर ले चलो।" इसके बाद दो आरोपी उन्हें जबरन दोपहिया वाहन पर बैठाकर अहिंसा चौक की ओर ले जाने लगे।

जब वाहन शैल्बी अस्पताल के सामने पहुंचा, तो अग्रिम को मौका मिल गया। उन्होंने चलती बाइक से छलांग लगा दी और जान बचाने के लिए भागकर अस्पताल के अंदर घुस गए। आरोपियों ने अस्पताल परिसर तक उनका पीछा किया और वहां भी मारपीट की। अस्पताल के भीतर लोगों की मौजूदगी देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पिता को दी घटना की जानकारी, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद अग्रिम मिश्रा ने अपने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार दिलाते हुए उसकी शिकायत दर्ज की।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post