जबलपुर। भेड़ाघाट के धुआंधार जलप्रपात में नहाते समय नर्मदा नदी में बहे युवक का शव तीन दिन बाद घटना स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सरस्वती घाट में बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भेड़ाघाट निवासी 30 वर्षीय वसंत भूमिया धुआंधार जलप्रपात के समीप नहाने के दौरान फिसलकर नर्मदा नदी में गिर गए थे। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। हालांकि नर्मदा में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण तलाश में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने सरस्वती घाट के पास नदी में एक शव तैरते हुए देखा, जिसकी सूचना तुरंत भेड़ाघाट थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान की तो शव वसंत भूमिया का निकला। शव की शिनाख्त होते ही परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
