भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। ग्वालियर हाईवे से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-719 पर बरात छोड़कर लौट रही एक तेज रफ्तार बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो की हालत अत्यंत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया है।
छीमका के पास हुआ हादसा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस भिंड में एक शादी समारोह में बारात छोड़कर वापस ग्वालियर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान जिले के छीमका क्षेत्र के पास सामने से आ रही ईको कार को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लंबा जाम लग गया।
पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
