मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, जिले में चुनावी तैयारियां तेज



जबलपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार सुबह 11 बजे जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अद्यतन मतदाता सूची जारी की गई।

इस अवसर पर आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता सूची की अधिकृत प्रतियां सौंपी। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि प्राप्त दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं, जबकि अपात्र नामों को हटाया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि परिलक्षित हो तो नियमानुसार अवगत कराएं। उन्होंने मतदाताओं से भी आग्रह किया कि वे अपने नाम, पता एवं अन्य विवरण की पुष्टि अवश्य कर लें।

मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही आगामी निर्वाचन की तैयारियों को भी गति दे दी गई है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा सूची की प्रति संबंधित कार्यालयों एवं ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है, ताकि आम नागरिक आसानी से अपने नाम की जांच कर सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post