बाड़े से गायब हुआ नया ट्रैक्टर, पुराने को छोड़ गए चोर .... किसान ने रखा 50 हजार का इनाम



जबलपुर|जिले के पाटन थाना क्षेत्र से चोरी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने बाड़े में खड़े दो ट्रैक्टरों में से सिर्फ नए ट्रैक्टर को निशाना बनाया और पुराने को हाथ तक नहीं लगाया। इस घटना ने न केवल किसान को भारी नुकसान पहुंचाया है, बल्कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 क्या है पूरा मामला?

पाटन थाना अंतर्गत ग्राम टिमरी निवासी किसान नरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि 16 अप्रैल की शाम वे खेत से लौटकर अपने दोनों ट्रैक्टर घर के पास बने बाड़े में खड़े कर सो गए थे। रात करीब ढाई बजे अज्ञात चोर बाड़े में घुसे और डेढ़ साल पहले करीब 4 लाख रुपये में खरीदा गया नया ट्रैक्टर स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए।

हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने पास खड़े पुराने ट्रैक्टर को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और सीधे नए ट्रैक्टर को ही लेकर चले गए। बिना किसी जल्दबाजी के उन्होंने बाड़े का गेट खोला और आसानी से वारदात को अंजाम दिया।

 100 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले

17 अप्रैल की सुबह जब किसान बाड़े में पहुंचे तो नया ट्रैक्टर गायब देख उनके होश उड़ गए। परिजनों और ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पाटन से जबलपुर और बरेला तक करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रैक्टर को मंडला की ओर ले जाते हुए दिखाई दिया है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला है।

 50 हजार रुपये का इनाम घोषित

किसान नरेंद्र साहू ने पाटन थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। साथ ही उन्होंने ट्रैक्टर की जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद करने का दावा किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post