जबलपुर। जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिनैकी में आयोजित एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब डीजे पर डांस को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन युवकों ने बलराम विश्वकर्मा (36) पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करमेता माढ़ोताल निवासी बलराम विश्वकर्मा अपने रिश्तेदार प्रमोद विश्वकर्मा की बेटी की शादी में शामिल होने ग्राम बिनैकी आया था। समारोह में डीजे पर नाच-गाने का माहौल चल रहा था, तभी डांस के दौरान धक्का लगने की बात पर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि सुभाष विश्वकर्मा अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद बढ़ते ही चाकू निकालकर बलराम के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बलराम मौके पर ही गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।
घटना के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार और डर में बदल गया। परिजनों और मौजूद लोगों ने तत्काल घायल बलराम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
