जबलपुर: अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई के दौरान युवक की मौत, अगले दिन भड़का आक्रोश—गौर पुल के नीचे चक्का जाम



जबलपुर। गौर पुलिस चौकी अंतर्गत जमतरा घाट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई एक युवक की मौत ने पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। सोमवार 20 अप्रैल को हुई घटना के बाद जहां देर शाम तक ग्रामीणों में आक्रोश बना रहा, वहीं मंगलवार 21 अप्रैल की सुबह होते ही गुस्सा फिर सड़कों पर उतर आया।

सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण गौर पुल के नीचे एकत्रित हुए और चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को एसडीएम अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और माइनिंग विभाग की टीम ने जमतरा घाट पर दबिश दी थी। टीम के पहुंचते ही घाट पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान बरगी क्षेत्र के खिरैनी घाट निवासी 24 वर्षीय आकाश बर्मन घबराकर नर्मदा नदी में कूद गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।

परिजनों के गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फूट पड़ा। मृतक के भाई ने पुलिस और प्रशासनिक अमले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आकाश के साथ मारपीट की गई और उसे पकड़कर घाट तक ले जाया गया, जहां वह नदी में गिरा।
परिजनों का यह भी आरोप है कि जब युवक नदी में डूब रहा था, तब उसे बचाने का प्रयास नहीं किया गया और बाद में परिवार को धमकाया गया।

“माफिया पर नरमी, गरीबों पर सख्ती”

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन बड़े रेत माफियाओं पर कार्रवाई करने के बजाय छोटे स्तर पर काम करने वालों को निशाना बनाता है। उनका आरोप है कि मशीनों और डंपरों से खुलेआम अवैध उत्खनन जारी रहता है, लेकिन कार्रवाई केवल कमजोर वर्ग पर होती है।

पुलिस ने संभाली स्थिति

मंगलवार सुबह चक्का जाम की सूचना मिलते ही बरेला, बरगी और गोराबाजार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक चली समझाइश और दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और स्थिति सामान्य हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post