शिवपुरी। मध्यप्रदेश अब देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा चुका है। शिवपुरी में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ₹2,500 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस परियोजना में अत्याधुनिक मिसाइलों और रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। दावा किया गया कि यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी मिसाइल मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ₹211 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। शिलान्यास से पहले उन्होंने अदाणी समूह द्वारा प्रदर्शित आधुनिक हथियारों और रक्षा उपकरणों के मॉडलों का अवलोकन किया।
एक ही परिसर में तैयार होंगी मिशन-रेडी मिसाइलें
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस की ओर से बताया गया कि शिवपुरी में बनने वाला यह परिसर दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी क्षेत्र का मिसाइल इकोसिस्टम होगा। यहां मिसाइल निर्माण के लिए आवश्यक कच्चे माल से लेकर पूरी तरह तैयार मिशन-रेडी मिसाइलों का उत्पादन एक ही स्थान पर किया जाएगा। इससे भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूती मिलने के साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई गति मिलेगी।
1000 किलोमीटर तक मार करने वाली मिसाइलों का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस परियोजना में बनने वाली मिसाइलें करीब 1000 किलोमीटर तक लक्ष्य को भेदने की क्षमता रखेंगी। उन्होंने इसे शिवपुरी ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि यह निवेश प्रदेश को रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
4 से 5 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना से 4,000 से 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा सहायक उद्योगों, परिवहन, सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
सिंधिया ने रखीं विकास संबंधी मांगें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिवपुरी के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं। उन्होंने ₹100 करोड़ की लागत से रिंग रोड निर्माण, शहर में 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा की स्थापना तथा मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी यूनिट शुरू करने का प्रस्ताव रखा।
रक्षा उत्पादन का नया केंद्र बनेगा मध्यप्रदेश
शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ-साथ भारत के रक्षा उत्पादन क्षेत्र को भी नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से निवेश, तकनीक और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा मध्यप्रदेश रक्षा विनिर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।
