जबलपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों के बीच अब जमीनी सख्ती भी दिखने लगी है। नगर निगम ने स्वच्छ जबलपुर अभियान के तहत उन संस्थानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जो नियमों की अनदेखी कर शहर की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होटल बीके कैसल पर कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया।
दरअसल, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर शहर के बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की निगरानी तेज कर दी गई है। बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अब सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
बेसमेंट बना कचरा घर, खुली पोल
नगर निगम की टीम जब होटल बीके कैसल के औचक निरीक्षण पर पहुंची, तो वहां की तस्वीर चौंकाने वाली थी। होटल के बेसमेंट में कचरे का अंबार लगा हुआ था और उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान नहीं किया जा रहा था। यह स्थिति न सिर्फ स्वच्छता मानकों का उल्लंघन थी, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती थी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए होटल प्रबंधन पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया। होटल संचालकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए तुरंत चेक के माध्यम से राशि जमा कर दी।
व्यावसायिक संस्थानों पर निगम की पैनी नजर
नगर निगम अब शहर के सभी बड़े होटलों, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार नजर रख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कचरा प्रबंधन में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं भी गंदगी शहर की स्वच्छता रैंकिंग पर दाग न बने।
