नाले की सफाई में मिला बम का खोखा, 30 हजार के इनामी शमीम कबाड़ी पर फिर गहराया शक



जबलपुर। शहर के आनंद नगर इलाके में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम की सफाई के दौरान नाले से बम का खोखा बरामद हुआ। चौंकाने वाली बात यह है कि यह बरामदगी उस स्थान के पास हुई है, जहां लंबे समय से फरार और 30 हजार के इनामी आरोपी शमीम कबाड़ी का घर बताया जा रहा है। इससे पुलिस का शक एक बार फिर उसी पर टिक गया है।

सफाई के दौरान दिखी संदिग्ध वस्तु, मची अफरा-तफरी
नगर निगम की टीम नियमित सफाई अभियान चला रही थी, तभी कर्मचारियों की नजर नाले में पड़े बम जैसे खोल पर पड़ी। संदिग्ध वस्तु देखते ही कर्मचारियों ने काम रोक दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया
सूचना मिलते ही गोहलपुर और आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि यह सक्रिय बम नहीं, बल्कि केवल खाली खोखा है, जिसमें कोई विस्फोटक सामग्री नहीं थी। पुलिस ने इसे जब्त कर आयुध निर्माणी खमरिया भेज दिया है।

पुराने विस्फोट कांड से जुड़ा नाम फिर चर्चा में
बरामदगी की लोकेशन ने एक बार फिर शमीम कबाड़ी की फाइल खोल दी है। गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2024 को खजरी खिरिया स्थित उसके कबाड़खाने में हुए भीषण धमाके ने पूरे शहर को दहला दिया था। इस हादसे में दो मजदूरों की जान गई थी, जबकि जांच में करीब ढाई हजार बमों के खोल बरामद हुए थे।

दो साल से फरार, इनाम घोषित
इस मामले में शमीम कबाड़ी, उसके बेटे फहीम और पार्टनर सुल्तान के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। तब से मुख्य आरोपी शमीम फरार है और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस के मुताबिक, वही पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है।

खमरिया फैक्ट्री से जुड़ाव की आशंका
गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के अनुसार, बरामद खोखा आयुध निर्माणी खमरिया का हो सकता है। इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post