उज्जैन। मंगलवार सुबह उज्जैन-नागदा मार्ग एक बार फिर खून से लाल हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत इस बार तीन जिंदगियों ने चुकाई जिनमें एक भाजपा नेता भी शामिल हैं। हादसा उन्हेल टोल नाके से करीब 5 किलोमीटर पहले सुबह लगभग 10:30 बजे हुआ, जब एक स्विफ्ट कार और आयशर ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। आगे बैठे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान एक और जिंदगी बुझ गईऔर मौत का आंकड़ा तीन तक पहुंच गया।
मृतकों की पहचान सिंधी कॉलोनी निवासी सुरेश नवलानी, देवेंद्र जोशी और भाजपा नेता कैलाश (रिंकू) शर्मा के रूप में हुई है। वहीं प्रवेश मारोठिया जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें घेर लिया।
मदद के इंतजार में तड़पती रहीं जिंदगियां
हादसे के बाद का मंजर और भी भयावह था। मौके पर कई वाहन खड़े रहे, लोग तमाशबीन बने रहे—लेकिन मदद के लिए हाथ आगे नहीं बढ़े। इसी बीच एक राहगीर इंजीनियर नंद कुमार मिश्रा ने इंसानियत का फर्ज निभाया। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और एक युवक को सीपीआर देने की कोशिश भी की, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।
यह सवाल फिर खड़ा हो गया है क्या हमारी संवेदनाएं इतनी मर चुकी हैं कि सड़क पर तड़पती जिंदगियां भी हमें नहीं झकझोर पातीं?
फरार चालक, कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक हादसा भेरूगढ़ थाना क्षेत्र के गोयला बुजुर्ग गांव के पास हुआ। आयशर ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
.jpg)