जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में सोमवार को छात्र राजनीति एक बार फिर सड़क पर नजर आई, जब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर टाउन हॉल से कलेक्ट्रेट तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान घंटाघर क्षेत्र में हालात तब बिगड़ गए, जब कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए टाउन हॉल से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। घंटाघर के पास पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता उग्र हो गए और बैरिकेड पार करने लगे। इसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान हल्की झड़प में कुछ कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी घायल हुए, वहीं भगदड़ में कई प्रदर्शनकारियों के जूते-चप्पल सड़क पर बिखर गए।
अवैध स्कूलों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जबलपुर जिले में कई स्कूल किराए की इमारतों में अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं, जिससे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे स्कूलों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
छात्रसंघ चुनाव और फर्जी प्रमाण पत्र का मुद्दा भी गरमाया
एनएसयूआई ने लंबे समय से लंबित छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग उठाई। साथ ही आरोप लगाया कि फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर कई लोग सरकारी नौकरियों में हैं, जिनकी जांच कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
शराब दुकानें हटाने और छात्र रियायत की मांग
कार्यकर्ताओं ने रेलवे, बसों में छात्रों को रियायत देने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और कॉलेजों के आसपास से शराब दुकानों को हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण और स्कूल-कॉलेजों द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली पर भी सवाल खड़े किए।
पुलिस का पक्ष
मामले में सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। प्रशासन ने एसडीएम को मौके पर बुलाकर बातचीत की कोशिश की, लेकिन जब कार्यकर्ता जबरन आगे बढ़े तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस दौरान करीब 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
