“सड़क पर मौत का हेलमेट से रिश्ता: अब नियम नहीं, ज़िंदगी बचाने का अभियान”



भोपाल।मध्य प्रदेश की सड़कों पर तेज रफ्तार सिर्फ सफर नहीं तय कर रही, बल्कि कई घरों की खुशियां भी छीन रही है। आंकड़े बताते हैं कि हर दूसरी सड़क मौत दोपहिया सवार की होती हैऔर वजह अक्सर वही पुरानी लापरवाही… सिर पर हेलमेट न होना। अब इस खामोशी को तोड़ने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सख्त और संवेदनशील दोनों तरह का रुख अपनाया है।

पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान, भोपाल के निर्देश पर 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में हेलमेट अनिवार्यता विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह सिर्फ चालान काटने की कवायद नहीं, बल्कि लोगों की सोच बदलने की कोशिश है—ताकि सड़क पर निकला हर व्यक्ति सुरक्षित घर लौट सके।

मौत के आंकड़े, सिस्टम की चिंता

पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, प्रदेश में होने वाली कुल सड़क दुर्घटनाओं में करीब 50 प्रतिशत मौतें दोपहिया चालकों की होती हैं। इनमें से अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना ही सबसे बड़ा कारण बनकर सामने आया है। यानी हादसे से ज्यादा जान ले रही है लापरवाही।

क्या होगा इस अभियान में खास?

इस बार अभियान सिर्फ औपचारिक नहीं होगा, बल्कि जमीन पर असर दिखाने की तैयारी है—

  • कड़ी चालानी कार्रवाई: बिना हेलमेट चलने वालों पर तुरंत चालान होगा।
  • लाइसेंस निलंबन का प्रस्ताव: पीओएस मशीन के जरिए सीधे ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
  • युवाओं और महिलाओं पर फोकस: क्योंकि यही वर्ग सबसे ज्यादा जोखिम में पाया गया है।
  • स्कूल-कॉलेज में जागरूकता: पुलिस टीमें खुद छात्रों के बीच जाकर समझाएंगी कि हेलमेट सिर्फ नियम नहीं, सुरक्षा कवच है।
  • सोशल मीडिया कैंपेन: फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो और संदेशों के जरिए लोगों तक पहुंच बनाई जाएगी।

“चालान नहीं, व्यवहार बदलना लक्ष्य”

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेक शर्मा और सहायक पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुमार मिश्र द्वारा जारी आदेश साफ कहता है कि यह अभियान केवल दंड देने तक सीमित नहीं रहेगा। असली मकसद है लोगों की आदतों में बदलाव लाना।

सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और बड़े शहरों के पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की दैनिक रिपोर्ट मुख्यालय भेजना अनिवार्य होगा, ताकि इसकी मॉनिटरिंग लगातार हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post