अवैध खदान में ढही चट्टान, मलबे में दबकर दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

 


सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को एक अवैध खदान में हुए दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लांची गांव स्थित एक अवैध खदान में खुदाई के दौरान अचानक विशाल चट्टान भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दो मजदूर मलबे में दब गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के लांची गांव के पास संचालित एक कथित अवैध खदान में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर रोज की तरह खदान में खुदाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की एक बड़ी चट्टान ढह गई और वहां काम कर रहे दो मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते दोनों भारी मलबे के नीचे दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया, वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों के शव मलबे से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

अवैध खदान संचालन पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां कथित रूप से अवैध खनन किया जा रहा था। अब पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि खदान का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था और बिना सुरक्षा मानकों के मजदूरों से काम क्यों कराया जा रहा था।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हादसे ने क्षेत्र में अवैध खनन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post